भिलाई स्टील प्लांट में सुरक्षा चूकों पर कड़ी कार्रवाई, दो जीएम निलंबित और अधिकारियों को सख्त चेतावनी

भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) में हाल ही में कार्यस्थल पर हुई मौत और कर्मियों के चोटिल होने जैसी गंभीर दुर्घटनाओं के बाद शीर्ष प्रबंधन ने सुरक्षा मानकों के पालन में लापरवाही को लेकर सख्त कदम उठाए हैं। प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि असुरक्षित कार्य और असुरक्षित कार्यप्रणाली पर ज़ीरो टॉलरेंस की नीति पहले की तरह आगे भी कड़ाई से जारी रहेगी।
सुरक्षा चूकों की गंभीरता और दुर्घटनाओं के मूल कारणों के विश्लेषण के आधार पर सिंटर प्लांट–3 के महाप्रबंधक शंकर मोरी और ऊर्जा प्रबंधन विभाग के महाप्रबंधक सुब्रमनी रमनी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। प्लेट मिल के महाप्रबंधक सुधाकर और पद्नाभन को एडवाइजरी पत्र जारी किया गया है, जबकि ऊर्जा प्रबंधन विभाग के कार्यपालक प्यारेलाल देशमुख और विनय कुमार को प्रबंधन की ओर से कड़ी चेतावनी दी गई है।
घटनाओं के बाद प्रत्येक मामले का मूल कारण विश्लेषण किया गया, ताकि सभी तथ्यों का सही मूल्यांकन कर सुधारात्मक और निवारक उपायों को प्रभावी तौर पर लागू किया जा सके। संबंधित विभागों को सुरक्षा निर्देशों का अनिवार्य और सख्त पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रबंधन का कहना है कि सुरक्षा संस्कृति को मजबूत बनाना संयंत्र के सभी स्तरों की सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी भी विभाग, अधिकारी या कर्मी द्वारा बरती गई लापरवाही या असुरक्षित व्यवहार किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।





