SIR प्रक्रिया की तारीख बढ़ाने की मांग तेज: PCC चीफ बोले:4 दिसंबर तक काम पूरा करना मुश्किल, गरीबों पर जमीन गाइडलाइन का बोझ

रायपुर। छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में चल रही SIR प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में है। इस महाभियान को पूरा करने के लिए सरकार ने 4 नवंबर से 4 दिसंबर तक का समय तय किया था। डिजिटाइजेशन का काम तेज़ी से चल रहा है, लेकिन जैसे-जैसे अंतिम तारीख नजदीक आ रही है, काम अधूरा रहने की आशंका बढ़ रही है।
इसी बीच आज PCC चीफ दीपक बैज ने प्रेसवार्ता में कहा कि SIR की प्रक्रिया तय समय में पूरी करना संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में BLO बेहद परेशान हैं और अब सिर्फ कुछ ही दिन बचे हैं। “6 दिनों में और क्या होगा? इतने कम समय में काम पूरा नहीं हो सकता,” उन्होंने कहा। बैज ने चुनाव आयोग से तारीख बढ़ाने की मांग की है।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस पार्टी ने कंट्रोल रूम बनाया है ताकि लोग किसी भी परेशानी में कॉल करके मदद ले सकें।
इसके साथ ही जमीन की नई गाइडलाइन को लेकर भी बैज ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि सरकार ने जमीन के रेट 10 गुना बढ़ा दिए हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। “लोगों का घर और जमीन का सपना सपना ही रह गया है,” बैज ने कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर गाइडलाइन में सुधार नहीं हुआ, तो कांग्रेस बड़ा आंदोलन करेगी।






