रायपुर में बड़ी तैयारियाँ: 28 नवंबर को आएंगे PM मोदी और गृह मंत्री अमित शाह

रायपुर। राजधानी रायपुर में इन दिनों सुरक्षा और तैयारियों का खास माहौल है, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 28 नवंबर को छत्तीसगढ़ पहुंच रहे हैं। दोनों नेता नवा रायपुर में 28 से 30 नवंबर तक होने वाली 60वीं अखिल भारतीय डीजी-आईजी कॉन्फ्रेंस में शामिल होंगे।
तीन दिवसीय प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह स्थानीय सब्जियों जैसे- पालक, पत्तागोभी, फूलगोभी, मेथी, सरसों और बथुआ की बनी खास छत्तीसगढ़ी भाजी का स्वाद भी चखेंगे। उनके भोजन की व्यवस्था एक बड़े होटल के अनुभवी शेफ के जरिए की जा रही है।
प्रधानमंत्री मोदी नए स्पीकर हाउस एम-1 में ठहरेंगे, जबकि गृह मंत्री अमित शाह वित्त मंत्री आवास एम-11 में रुकेंगे। दोनों बंगले वीवीआईपी मानकों के तहत तैयार कर लिए गए हैं। यहां उनका खाना भी तीनों दिन यहीं तैयार होगा।
इसके अलावा, एनएसए अजीत डोभाल भी सम्मेलन में शामिल होने रायपुर आएंगे। उनके लिए नवीन सर्किट हाउस में विशेष कमरे बनाए गए हैं। यहां 6 शानदार सूइट रूम तैयार किए गए हैं। डिप्टी एनएसए अनीश दयाल सिंह, आईबी चीफ तपन डेका, केंद्रीय गृह सचिव और गृह राज्य मंत्रियों के लिए भी अलग-अलग रुकने की व्यवस्था की गई है।
गृह मंत्री शाह के लिए एम-11 आवास को पूरी तरह नया रूप दिया गया है। सभी कमरे आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं और नए फर्नीचर लगाए गए हैं। उनके साथ आने वाले अधिकारियों के लिए भी कैंपस में ही अलग आवास बनाया गया है। बैठक के लिए एक कॉन्फ्रेंस हॉल और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। वीआईपी मुलाकातों के लिए अलग व्यवस्था तैयार है।
रायपुर में इस बड़े आयोजन को लेकर प्रशासन से लेकर सुरक्षा एजेंसियों तक सभी पूरी तरह सक्रिय हैं।





