मनेंद्रगढ़ में SIR फॉर्म भरते समय हंगामा: आंगनबाड़ी में बीएलओ के काम करने पर भाजपा ने उठाए सवाल, कांग्रेस नेताओं से बहस

मनेंद्रगढ़ के वार्ड नंबर 08 के भाग संख्या 15 में मतदाता सूची से जुड़े SIR फॉर्म भरने को लेकर रविवार को बड़ा विवाद खड़ा हो गया। आंगनबाड़ी केंद्र में बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) आशा चंद्रा फॉर्म भरवा रही थीं, जिसके दौरान कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी पर भाजपा ने आपत्ति जताई। इस विवाद का वीडियो भी सामने आया है।
घटना तब शुरू हुई जब भाजपा के पूर्व पार्षद अजीमुद्दीन अंसारी को जानकारी मिली कि बीएलओ वार्ड की आंगनबाड़ी में बैठकर एक ही जगह से लोगों के फॉर्म भरवा रही हैं और कुछ कांग्रेसी नेता उनके साथ इस प्रक्रिया में सहायता कर रहे हैं। अंसारी मौके पर पहुंचे और बीएलओ से कहा कि नियमानुसार उनका काम घर-घर जाकर फॉर्म भरना है, न कि किसी केंद्र में बैठकर यह प्रक्रिया करना। उन्होंने इस पूरे तरीके पर सवाल खड़े किए।
इसी दौरान वार्ड के मौजूद कांग्रेसी नेता भी बातचीत में शामिल हुए, जिसके बाद दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ता चुनावी प्रक्रिया में सीधा हस्तक्षेप कर रहे थे, जबकि कांग्रेस ने भाजपा पर अनावश्यक विवाद खड़ा करने का आरोप लगाया।
मामले पर मनेंद्रगढ़ के एसडीएम लिंगराज सिदार का कहना है कि यह विवाद वास्तव में पुरानी रंजिश और गलतफहमी के कारण हुआ। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों के तहत किसी भी राजनीतिक दल का कार्यकर्ता अधिकतम 50 फॉर्म भरकर बीएलओ को दे सकता है। ऐसे में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की सहायता को नियम-विरुद्ध नहीं माना जा सकता है।
एसडीएम ने बताया कि बीएलओ को फॉर्म भरवाने के लिए किसी भी सुरक्षित स्थान पर बैठकर काम करने की अनुमति है, बशर्ते प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने दोनों पक्षों को बेवजह विवाद से बचने की सलाह दी और स्थिति को सामान्य कराया।
विवाद के बाद भी क्षेत्र में राजनीतिक हलचल जारी है। भाजपा नेताओं ने मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से करने की बात कही है, जबकि कांग्रेस ने कहा कि वे सिर्फ लोगों की मदद कर रहे थे। इस पूरी घटना ने एक बार फिर मतदाता सूची सुधार प्रक्रिया में राजनीतिक हस्तक्षेप के आरोपों को हवा दे दी है।





