फिलिस्तीन झंडा विवाद: AAP नेता प्रियंका शुक्ला एक साल पुराने केस में गिरफ्तार

बिलासपुर में लगभग एक साल पुराने फिलिस्तीन झंडा विवाद ने एक बार फिर सुर्खियाँ बटोर ली हैं। सिविल लाइन पुलिस ने मंगलवार को आम आदमी पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष प्रियंका शुक्ला और उनके साथियों को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई सितंबर 2024 में हुए उस मामले से जुड़ी है, जब विवादित झंडा लगाए जाने के विरोध में AAP कार्यकर्ताओं ने सड़क पर प्रदर्शन किया था।

उस समय प्रदर्शन ने सड़क जाम और हंगामे का रूप ले लिया था। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच बहस बढ़ते-बढ़ते झड़प तक पहुँच गई थी। इसी घटना के बाद नवीन कश्यप नाम के व्यक्ति ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद AAP नेताओं पर सार्वजनिक कार्य में बाधा डालने और बलवा जैसी धाराओं में केस दर्ज हुआ था।

करीब एक साल तक चली जांच के बाद पुलिस ने अब गिरफ्तारी की कार्रवाई की है। अचानक हुई इस कार्रवाई पर प्रियंका शुक्ला ने सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यह कार्रवाई राजनीति से प्रेरित लगती है। वहीं सिविल लाइन थाना प्रभारी एस.आर. साहू का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद विधि के अनुसार कदम उठाया गया है। उन्होंने बताया कि इससे पहले कई बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन आरोपी पेश नहीं हुए थे।

गिरफ्तारी के बाद मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button