छत्तीसगढ़ में 1.5 लाख करोड़ के कथित घोटाले पर घमासान, अमित जोगी ने सीबीआई जांच की मांग की

जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी ने राज्य के इतिहास के सबसे बड़े वित्तीय घोटाले का आरोप लगाते हुए सीबीआई जांच की मांग की है। उन्होंने सीबीआई निदेशक को पत्र लिखकर 1.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक की सार्वजनिक संपत्ति से जुड़े कथित अनियमित मामलों की तुरंत जांच कराने की मांग की है। जोगी के अनुसार यह घोटाला नागरनार स्टील प्लांट, बैलाडिला लौह अयस्क खदानों और भविष्य के राजस्व हानि से संबंधित है।
अमित जोगी का आरोप है कि नागरनार स्टील प्लांट की 26,000 करोड़ रुपये की संपत्ति और बैलाडिला खदानों के करीब 85,000 करोड़ रुपये मूल्य की खनिज संपत्ति को निजी हाथों में सौंपने की प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर अनियमितताएँ हुई हैं। इसके अलावा भविष्य के राजस्व में 40,000 करोड़ रुपये की संभावित हानि भी इस कथित घोटाले का हिस्सा बताई गई है। जोगी ने प्रधानमंत्री के 3 अक्टूबर 2023 के सार्वजनिक बयान—जिसमें उन्होंने कहा था कि “प्लांट का निजीकरण नहीं होगा”—और इसके विपरीत एनएमडीसी की 29 अक्टूबर 2025 की रिपोर्ट में ‘विनिवेश जारी’ की पुष्टि को गंभीर विसंगति बताया है।
जोगी द्वारा जारी समयरेखा के अनुसार 29 अक्टूबर 2025 को एनएमडीसी ने नागरनार स्टील प्लांट के 90% शेयर निजी कंपनी को बेचने की मंजूरी दी। इसके बाद 1 नवंबर को पर्यावरण मंत्रालय ने किरंदुल-अनकापल्ली स्लरी पाइपलाइन को हरी झंडी दी और 7 नवंबर को इस्पात मंत्रालय ने अंतिम मंजूरी प्रदान की। 9 नवंबर की गजट अधिसूचना में कई जिलों में भूमि अधिग्रहण को स्वीकृति दी गई। इसके अलावा कोयला आयात में 120 करोड़ रुपये की कथित गड़बड़ी का आरोप भी लगाया गया है, जिसमें एक गैर-मौजूद अमेरिकी कंपनी से अनुबंध किए जाने की बात सामने आई है।
जोगी ने कहा है कि यह मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988, धन शोधन निवारण अधिनियम 2014 और पेसा कानून 1996 का सीधा उल्लंघन प्रतीत होता है। उन्होंने मांग की है कि निजीकरण से जुड़े सभी प्रस्ताव तुरंत वापस लिए जाएँ, एनएमडीसी स्टील के सीएमडी सार्वजनिक माफी जारी करें और नागरनार प्लांट को स्थायी सार्वजनिक इकाई घोषित करने की कानूनी गारंटी दी जाए। उन्होंने 15 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) राज्यभर में जन आंदोलन शुरू करेगी।





