न्यायधानी बिलासपुर में शराबी युवक का उत्पात, ‘पुलिस’ लिखी कार से राहगीरों को कुचलने की कोशिश

बिलासपुर के सरकंडा क्षेत्र में नशे में धुत्त कार सवार युवकों ने बुधवार रात सड़क पर जमकर उत्पात मचाया। सोनगंगा कॉलोनी के सामने चारपहिया वाहन में सवार दो युवक शराब के नशे में इतने चूर थे कि उन्होंने मुख्य मार्ग पर खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाते हुए कई राहगीरों को टक्कर मारने की कोशिश की। उनकी हरकतों से सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिस वाहन में युवक सवार थे, उसकी नंबर प्लेट पर बड़े अक्षरों में “पुलिस” लिखा हुआ था। वाहन चालक ने खुद को एक पुलिसकर्मी का भाई बताते हुए लोगों को डराने की कोशिश की और बार-बार अपने रुतबे का हवाला देकर धमकाता रहा। जब स्थानीय लोगों ने उन्हें रोकना चाहा, तो दोनों युवकों ने उल्टा गाली-गलौज शुरू कर दी और झड़प पर उतारू हो गए, जिससे आसपास के लोगों में गुस्सा फैलने लगा। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
स्थिति बढ़ती देख आरोपी युवक अचानक गाड़ी सहित मौके से फरार हो गए। हालांकि, उनकी हरकतें आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गईं। लोगों द्वारा बनाए गए मोबाइल वीडियो और गाड़ी के नंबर के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सरकंडा पुलिस ने वाहन मालिक की पहचान करते हुए मोटर व्हीकल एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नशे में गाड़ी चलाने की घटनाएं शहर में लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम लोगों की जान को खतरा पैदा हो रहा है। उन्होंने ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में कोई भी “पुलिस” का नाम लेकर कानून को चुनौती देने की हिम्मत न कर सके।





