छत्तीसगढ़ कांग्रेस में जल्द जारी होगी जिलाध्यक्षों की नई लिस्ट, 33 जिलों में होंगे नए चेहरे

रायपुर। लंबे इंतजार के बाद छत्तीसगढ़ कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव की तैयारी पूरी हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, जिलाध्यक्षों की नई लिस्ट 14 नवंबर के बाद कभी भी जारी की जा सकती है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस हाईकमान ने संकेत दे दिए हैं कि पंजाब और उत्तराखंड की तरह छत्तीसगढ़ में भी अगले चार दिनों के भीतर जिलाध्यक्षों के नाम फाइनल कर दिए जाएंगे।
इस बार संगठन में बड़ा फेरबदल देखने को मिलेगा। पार्टी के कुल 41 जिलाध्यक्षों (शहरी और ग्रामीण मिलाकर) में से सिर्फ 5 पदाधिकारियों को दोबारा मौका मिल सकता है। ये वही लोग हैं जिन्हें करीब छह महीने पहले नियुक्त किया गया था। बाकी जिलों में नए चेहरों की एंट्री होगी।
सूत्रों के अनुसार, कई जिलों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा, इसलिए वहां बदलाव तय माना जा रहा है। कांग्रेस इस बार ‘परफॉर्मेंस बेस्ड सिस्टम’ लागू कर रही है। इसके तहत हर छह महीने में जिलाध्यक्षों के कामकाज की समीक्षा होगी।
जानकारी के मुताबिक, दुर्ग, पाटन, सरगुजा, अंबिकापुर और बलरामपुर के जिलाध्यक्षों को दोबारा जिम्मेदारी मिल सकती है। बाकी जिलों में नए कार्यकर्ताओं को मौका देकर संगठन को मजबूत करने की तैयारी चल रही है।





