खैरागढ़ में बड़ी सफलता: 17 लाख की इनामी महिला नक्सली कमला सोड़ी ने किया आत्मसमर्पण

खैरागढ़-छुईखदान-गंडई। जिले की पुलिस को आज बड़ी कामयाबी मिली है। लंबे समय से फरार चल रही 17 लाख रुपए की इनामी हार्डकोर महिला नक्सली कमला सोड़ी उर्फ उंगी उर्फ तरूणा (30 वर्ष) ने पुलिस अधीक्षक के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।
कमला सोड़ी वर्ष 2011 से प्रतिबंधित संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) से जुड़ी हुई थी। वह माड़ डिवीजन और बस्तर एमएमसी (मध्य प्रदेश–महाराष्ट्र–छत्तीसगढ़) जोन की सक्रिय सदस्य रही है। बताया जा रहा है कि वह एमएमसी जोन प्रभारी रामदर की टीम की प्रमुख सदस्य के रूप में काम करती थी और कई हिंसक घटनाओं व पुलिस पर हमलों की योजनाओं में शामिल रही।
कमला सोड़ी ग्राम अरलमपल्ली, थाना दोरनापाल, जिला सुकमा की रहने वाली है और छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र (गोंदिया जिला) व मध्य प्रदेश की सीमावर्ती पहाड़ी इलाकों में सक्रिय थी।
तीनों राज्यों की पुलिस ने उस पर कुल 17 लाख रुपए का इनाम घोषित किया था। उसने शासन की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति 2025 के तहत आत्मसमर्पण किया है, जिसे नक्सल उन्मूलन अभियान के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।





