बिलासपुर के कोचिंग हब में बवाल: छात्रों का फूटा गुस्सा, बोले – “या तो पढ़ाओ, या पैसा लौटाओ”

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की शिक्षा नगरी कहे जाने वाले बिलासपुर में आज छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। गांधी चौक इलाके में स्थित कंपटीशन कम्युनिटी कोचिंग सेंटर के बाहर सैकड़ों विद्यार्थी एकजुट होकर प्रदर्शन करने लगे। छात्रों के हाथों में प्लेकार्ड थे और सबकी एक ही मांग थी — “या तो पढ़ाई शुरू करो, या हमारी फीस लौटाओ।”
छात्रों का आरोप है कि उन्होंने कोचिंग में एडमिशन लेते समय 50 से 60 हजार रुपये तक फीस जमा की थी, लेकिन पिछले कई महीनों से पढ़ाई बंद है। वजह यह बताई जा रही है कि कोचिंग के शिक्षकों को 6 से 8 महीने से वेतन नहीं मिला है, जिसके चलते उन्होंने पढ़ाना बंद कर दिया।
विद्यार्थियों ने बताया कि वे रोज़ क्लास के लिए आते हैं, लेकिन न शिक्षक पहुंचते हैं, न ही प्रबंधन कोई जवाब देता है। जब हालात बेकाबू हो गए, तो छात्रों ने आज जमकर विरोध प्रदर्शन किया। कई छात्रों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द पढ़ाई शुरू नहीं हुई, तो वे फीस वापसी के साथ कानूनी कार्रवाई भी करेंगे।
अब सवाल उठता है कि जिस बिलासपुर को ‘कोचिंग की राजधानी’ कहा जाता है, अगर वहीं शिक्षा ठप हो जाए तो छात्रों का भरोसा किस पर रहेगा? फिलहाल कोचिंग प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है।
छात्रों का यह प्रदर्शन सिर्फ एक संस्थान के खिलाफ नहीं, बल्कि उस सिस्टम के खिलाफ है जो उनके भविष्य से खिलवाड़ कर रहा है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले को कैसे संभालता है ,क्या समाधान निकलेगा या यह विवाद और बढ़ेगा?





