हर गरीब के सिर पर छत का सपना साकार होगा: गृह मंत्री विजय शर्मा

रायपुर। छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार ने गरीबों के हितों की अनदेखी की थी और 18 लाख प्रधानमंत्री आवास रोक रखे थे, जिससे लाखों परिवार अपने घर के हक से वंचित रह गए।
शर्मा ने बताया कि भाजपा सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस योजना को प्राथमिकता दी और पहली कैबिनेट बैठक में ही सभी आवासों को मंजूरी दी। उन्होंने कहा, “हम रोजाना करीब 18 हजार प्रधानमंत्री आवास बना रहे हैं। यह काम मिशन मोड पर चल रहा है।”
गृह मंत्री ने बताया कि पिछली बार जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिलासपुर आए थे, तब उन्होंने प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत तीन लाख लोगों को गृह प्रवेश कराया था, और इस बार यह संख्या और भी बड़ी होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का लक्ष्य है कि हर गरीब परिवार को पक्की छत मिले।
कांग्रेस पर हमला
विजय शर्मा ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा, “कांग्रेस अब जनता की पार्टी नहीं रही, बल्कि रिमोट कंट्रोल से चलने वाला संगठन बन गई है। दिल्ली नहीं, इटली से चलने वाली पार्टी है।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीयत और नीति दोनों ही संदिग्ध हैं। पिछली सरकार ने गरीबों के विकास कार्यों को रोक दिया था, जबकि भाजपा सरकार पारदर्शिता और तेजी के साथ काम कर रही है।
घुसपैठियों पर सख्त रुख
कांग्रेस प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला के घुसपैठियों वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए शर्मा ने कहा, “जो घुसपैठिए इनके प्रिय होते हैं, उन्हें कांग्रेस ही लाती है। कुछ लोगों ने रायपुर में नाम हटाकर कवर्धा में जुड़वा लिए।” उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार इस मुद्दे पर सतर्क है और किसी भी अवैध गतिविधि को बख्शा नहीं जाएगा।
अंत में शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र पर काम कर रही है। “हर गरीब को घर, हर गांव में विकास और हर व्यक्ति को सम्मान देना हमारा लक्ष्य है,” उन्होंने कहा।





