सीएम साय ने अंबिकापुर में किया बाबा कार्तिक उरांव चौक का भूमि पूजन, फरसाबहार में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान में हुए शामिल

अंबिकापुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज अंबिकापुर पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा कार्तिक उरांव जन्म शताब्दी समारोह में हिस्सा लिया। इस मौके पर उन्होंने बाबा कार्तिक उरांव जी के योगदान को याद करते हुए कहा कि जनजातीय समाज के उत्थान और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में उनका जीवन सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
मुख्यमंत्री ने अंबिकापुर में “बाबा कार्तिक उरांव चौक” का भूमि पूजन कर उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित की। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम, सांसद चिंतामणि महाराज, विधायक रायमुनी भगत, उद्देश्वरी पैंकरा, पूर्व मंत्री गणेश राम भगत, महापौर मंजूषा भगत, जिला भाजपा अध्यक्ष भरत सिंह सिसोदिया समेत कई जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।
इसके बाद मुख्यमंत्री साय जशपुर जिले के फरसाबहार पहुंचे, जहां उन्होंने “आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान” में भाग लिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी” का संकल्प एक सशक्त और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या देवी साय, सांसद राधेश्याम राठिया, विधायक गोमती साय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, नगर पंचायत उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।





