भिलाई में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 180 उपद्रवी गिरफ्तार — गली-मोहल्लों में फैला रहे थे अशांति

भिलाई में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दुर्ग पुलिस ने बीते एक सप्ताह में बड़ी कार्रवाई करते हुए 180 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से 38 आरोपियों को आर्म्स एक्ट के तहत पकड़ा गया, जबकि 142 अन्य पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि यह अभियान उन लोगों के खिलाफ चलाया गया जो खुलेआम धारदार हथियार लेकर लोगों को धमका रहे थे या समाज में अशांति फैला रहे थे।
दुर्ग पुलिस ने बताया कि सिर्फ सात दिनों में विभिन्न थाना क्षेत्रों से 38 आरोपियों को आर्म्स एक्ट की धारा 27(1) के तहत गिरफ्तार किया गया। इन आरोपियों के पास से धारदार हथियार जब्त किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि थाना सुपेला से 13, पद्मनाभपुर से 4, दुर्ग, मोहन नगर, वैशाली नगर और खुर्सीपार से 3-3, भिलाई नगर और छावनी से 2-2, जबकि जामुल, अंडा, रानीतराई, अमलेश्वर और नंदिनी नगर से 1-1 आरोपी को पकड़ा गया है। सभी को जेल भेज दिया गया है।
इसके अलावा, पुलिस ने उन तत्वों पर भी शिकंजा कसा जो झगड़े भड़काने, अपराध की साजिश रचने या समाज में तनाव फैलाने में शामिल थे। इस दौरान 104 मामलों में 142 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। इनमें थाना दुर्ग, पद्मनाभपुर और छावनी से 4-4, मोहन नगर से 5, पुलगांव से 27, जेवरा सिरसा से 3, अंजोरा से 12, नगपुरा से 6, भिलाई नगर से 9, नेवई से 12, सुपेला से 6, स्मृतिनगर से 3, वैशाली नगर से 5, खुर्सीपार से 3, जामुल से 2, पुरानी भिलाई से 1, कुम्हारी से 2, अंडा से 1, नंदिनी नगर से 7, रानीतराई से 2, अमलेश्वर से 3, उतई से 16 और बोरी से 5 आरोपी शामिल हैं।
दुर्ग पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखना है। पुलिस का कहना है कि ऐसे तत्वों पर सख्त निगरानी रखी जाएगी ताकि भविष्य में किसी भी तरह की अशांति या अपराध की कोशिश न हो सके।





