सुकमा में नक्सलवाद को बड़ा झटका: 50 लाख के इनामी 27 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण, 10 महिलाएं भी शामिल

सुकमा। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ चल रही सुरक्षा बलों की मुहिम लगातार सफल हो रही है। बुधवार को सुकमा जिले में एक और बड़ी सफलता मिली, जब 50 लाख रुपए के इनामी 27 नक्सलियों ने पुलिस अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। आत्मसमर्पण करने वालों में 10 महिलाएं और 2 हार्डकोर नक्सली भी शामिल हैं।
ये सभी नक्सली छत्तीसगढ़ सरकार की “नक्सलवादी आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति” और “नियद नेल्ला नार” योजना से प्रभावित होकर मुख्यधारा में लौटे हैं।
आत्मसमर्पण करने वालों में एक नक्सली पर 10 लाख, तीन पर 8-8 लाख, एक पर 3 लाख, दो पर 2-2 लाख, और नौ नक्सलियों पर 1-1 लाख रुपए का इनाम घोषित था। इस तरह कुल 50 लाख रुपए के इनामी नक्सलियों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर शांति और विकास का मार्ग चुना है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आत्मसमर्पित नक्सली पीएलजीए बटालियन नंबर-1, सीवायसीएम सदस्य, पार्टी सदस्य और अग्र संगठन के सदस्य रहे हैं। इनमें से कई नक्सली लंबे समय से जंगल में सक्रिय थे और कई गंभीर घटनाओं में शामिल रहे हैं।
सरकार की पुनर्वास नीति के तहत अब इन नक्सलियों को समाज में पुनः स्थापित होने और सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर दिया जाएगा।
सुरक्षा बलों का कहना है कि लगातार बढ़ते आत्मसमर्पण से नक्सली संगठनों की कमर टूट रही है और आने वाले समय में बस्तर क्षेत्र को पूरी तरह से नक्सल मुक्त करने का लक्ष्य अब और करीब आ गया है।





