आरकेएम पॉवर प्लांट हादसा: मालिक समेत आठ के खिलाफ दर्ज हुआ मामला

सक्ती। आरकेएम पॉवर प्लांट में मंगलवार शाम को हुए हादसे में 4 मजदूरों की मौत हो गई और 6 गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा तब हुआ जब प्लांट के बॉयलर की मरम्मत के दौरान मजदूरों से भरी लिफ्ट टूटकर गिर गई। घायल मजदूरों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस ने इस गंभीर लापरवाही पर प्लांट के मालिक और प्रबंधन से जुड़े 8 अधिकारियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 106(1), 289 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। इसमें कंपनी के ओनर/डायरेक्टर डॉ. अंडल अरमुगम, डायरेक्टर टीएम सिंगरवेल, प्लांट हेड एवं एडिशनल डायरेक्टर, फैक्ट्री मैनेजर सम्मुख राव, बॉयलर एवं टर्बाइन मेंटेनेंस हेड कमलेश कुमार अग्रवाल, सेफ्टी ऑफिसर मनोज राउत, पी एंड एम मेंटेनेंस अधिकारी वेसलीमणि और लिफ्ट इंजीनियर कृष्णा गौरव शामिल हैं।
कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। डभरा एसडीएम की टीम को 30 दिनों के अंदर पूरी घटना की जांच कर जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश करने को कहा गया है।
पुलिस और प्रशासन का कहना है कि इस मामले में प्लांट प्रबंधन की सुरक्षा मानकों की अनदेखी और कर्मचारियों की सुरक्षा को नजरअंदाज करना हादसे की मुख्य वजह रही। मृतक मजदूरों के परिजन और स्थानीय लोग हादसे के बाद से दुख और गुस्से में हैं।
इस घटना ने औद्योगिक सुरक्षा और श्रमिक सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे हादसे रोकने के लिए उद्योगों में कड़े सुरक्षा मानकों का पालन और नियमित निरीक्षण अनिवार्य है।





