दार्जिलिंग आपदा पर CM विष्णु देव साय ने जताया शोक, कहा – “पूरा देश प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है”

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में हुई भारी बारिश और भूस्खलन की विनाशकारी घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की और प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताई।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि दार्जिलिंग की यह आपदा पूरे देश को व्यथित कर गई है। कई लोगों की जान चली गई और अनेक परिवारों को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि ऐसे कठिन समय में पूरा देश पश्चिम बंगाल के लोगों के साथ खड़ा है।
सीएम साय ने राहत और बचाव कार्य में जुटे दलों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी तत्परता से कई लोगों की जानें बचाई जा सकीं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदाएं हमें यह याद दिलाती हैं कि संवेदना और सहयोग ही मानवता की असली शक्ति हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ के नागरिकों से भी अपील की कि वे इस मुश्किल घड़ी में एकजुट होकर देश के प्रभावित लोगों के प्रति सहानुभूति दिखाएं।
देशभर में इस घटना को लेकर शोक की लहर है। राहत दल लगातार मलबे में फंसे लोगों की खोज कर रहे हैं, वहीं कई इलाकों में सड़कें और पुल बह जाने से जनजीवन ठप हो गया है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह आपदा हमें पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता का संदेश देती है और अब सभी राज्यों को मिलकर जलवायु परिवर्तन से निपटने की दीर्घकालिक रणनीति बनानी चाहिए।





