एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल पर बड़ी खबर: आज खत्म हो सकती है आंदोलन

रायपुर। राज्य में एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल 33वें दिन पहुंच चुकी है। इस बीच स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों के प्रतिनिधियों के साथ हुई उच्च स्तरीय बैठक में हड़ताल खत्म करने पर सहमति बनी है।
मंत्री ने उम्मीद जताई कि कर्मचारी आज से काम पर लौट जाएंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि बर्खास्त कर्मचारियों की बहाली पर भी उच्च स्तर पर चर्चा होगी। साथ ही, जिन कर्मचारियों को एक महीने का नोटिस मिला था, अगर वे आज लौट आते हैं तो उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी।
मंत्री के मुताबिक, कर्मचारियों की 10 में से 4 मांगें मान ली गई हैं, 3 पर कमेटी बनाई गई है और बाकी 3 मांगों पर बातचीत जारी है। उन्होंने यह भी कहा कि ग्रेड पे के मुद्दे पर 3 महीने में परीक्षण कराया जाएगा और अगर यह कर्मचारी हित में हुआ तो लागू भी किया जाएगा।
हालांकि मंत्री ने चेतावनी भी दी कि अगर आज शाम तक कर्मचारी काम पर नहीं लौटे, तो नई भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने पहले ही सैकड़ों संविदा कर्मचारियों की सेवा समाप्त करने का आदेश जारी कर दिया है, क्योंकि वे 16 सितंबर की तय समयसीमा तक ड्यूटी पर नहीं लौटे थे।
अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि कर्मचारी मंत्री के आश्वासन पर भरोसा कर काम पर लौटते हैं या नहीं।





