रायपुर स्टेशन पर रेलवे शुरू करेगा पेड वेटिंग हॉल, यात्रियों को मिलेंगी प्रीमियम सुविधाएं

रायपुर। रायपुर रेलवे स्टेशन में यात्रियों की सुविधा को देखते हुए अब पेड वेटिंग हॉल की शुरुआत की जा रही है। इस हॉल में एक समय पर 25 यात्री आराम से बैठ सकेंगे। इसके लिए पहले घंटे का शुल्क 50 रुपए और उसके बाद हर अतिरिक्त घंटे के लिए 25 रुपए देना होगा।

यह वेटिंग हॉल पूरी तरह से एयर कंडीशन होगा, जहां यात्रियों को आरामदायक कुर्सियां, टीवी देखने, खाने-पीने की सुविधा, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट और वाई-फाई जैसी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। ट्रेन लेट होने या प्लेटफॉर्म पर भीड़ अधिक होने की स्थिति में यात्री यहां आराम से रुककर इंतजार कर पाएंगे।

रायपुर रेलवे स्टेशन हावड़ा-मुंबई रेलमार्ग पर एक प्रमुख स्टेशन है। यहां से रोजाना करीब 70 हजार यात्री सफर करते हैं। वर्तमान में स्टेशन पर चार वेटिंग हॉल हैं, जिनमें दो एसी और दो नॉन एसी हॉल शामिल हैं। इनमें एक साथ करीब 1200 यात्री रुक सकते हैं, लेकिन अक्सर यह क्षमता यात्रियों के मुकाबले कम पड़ जाती है। खासकर ट्रेनों के लेट होने पर यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर या अन्य जगहों पर इंतजार करना पड़ता है।

यात्रियों की इसी समस्या को दूर करने के लिए रेलवे ने प्रीमियम लॉज की तर्ज पर यह पेड वेटिंग हॉल बनाने का निर्णय लिया है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि अगले एक महीने में इस सुविधा को यात्रियों के लिए शुरू कर दिया जाएगा। इस सुविधा से यात्रियों को न केवल आरामदायक इंतजार करने की जगह मिलेगी, बल्कि भीड़भाड़ की समस्या से भी निजात मिलेगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button