कर्रेगुटा पहाड़ी बनेगा नक्सल विरोधी अभियान का नया गढ़, 700 एकड़ में खुलेगा जंगल वार फेयर स्कूल

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी पहल करते हुए बस्तर के कर्रेगुटा पहाड़ी में जंगल वार फेयर स्कूल और CRPF का कैंप खोलने का फैसला किया है। इस इलाके को अब तक नक्सलियों का नया गढ़ माना जाता रहा है।
गृहमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि सरकार नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने की दिशा में निर्णायक कदम उठा रही है। कर्रेगुटा के दुर्गम जंगल और पहाड़ों में अक्सर बड़े माओवादी नेता आते-जाते रहे हैं और यहां कई मुठभेड़ भी हो चुकी हैं।
अब 700 एकड़ जमीन पर यह वार फेयर स्कूल और ट्रेनिंग कैंप तैयार किया जाएगा। राज्य वन्य जीव कल्याण बोर्ड की बैठक में इस योजना को मंजूरी भी मिल गई है। इसके अलावा, यहां तक पहुंच आसान बनाने के लिए साढ़े 5 किलोमीटर लंबी पक्की सड़क भी बनाई जाएगी।
सरकार का मानना है कि इस कदम से न सिर्फ सुरक्षाबलों की ताकत और मौजूदगी बढ़ेगी, बल्कि नक्सल संगठन के विस्तार को पूरी तरह रोका जा सकेगा।





