मोदी के नेतृत्व में भारत चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना : CM विष्णुदेव साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर प्रतिक्रिया दी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र पर काम कर रही है और 140 करोड़ नागरिकों की चिंता कर रही है।
साय ने दावा किया कि 2014 से पहले जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, तब देश की अर्थव्यवस्था धीमी पड़ गई थी और भारत वैश्विक स्तर पर 10वें स्थान पर था। लेकिन पिछले 11 वर्षों में मोदी सरकार के प्रयासों से भारत चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक पहचान मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि देश की विकास दर, निवेश का माहौल और बुनियादी ढांचे में सुधार ने भारत को नई ऊँचाई दी है।
साय ने बताया कि केंद्र सरकार ने गरीब कल्याण, ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना जैसे क्षेत्रों में काम कर हर वर्ग को जोड़ा है। उन्होंने कहा कि आज भारत तकनीक, स्टार्टअप, डिजिटल सेवाओं और अंतरराष्ट्रीय व्यापार में भी अहम भूमिका निभा रहा है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में भारत और तेजी से आगे बढ़ेगा और वैश्विक मंच पर अग्रणी भूमिका निभाएगा।





