रायपुर में जमीन की रजिस्ट्री पर रोक से लोगों को परेशानी, बिल्डरों को हो रहा फायदा

रायपुर। प्रदेश में 5 डिसमिल (लगभग 2178 वर्गफीट) से कम कृषि भूमि की रजिस्ट्री पर रोक लगने के बाद जमीन खरीद-बिक्री पर बड़ा असर पड़ा है। पहले रायपुर जिले में रोज़ाना 200 से ज्यादा रजिस्ट्री होती थीं, लेकिन अब यह संख्या घटकर करीब 150 पर आ गई है।
ज्यादातर लोग छोटे प्लॉट जैसे 1000, 1500 या 2000 वर्गफीट के भूखंड खरीदते हैं, लेकिन रोक लगने से छोटे साइज के प्लॉट की बिक्री बंद हो गई है। इसका सीधा फायदा बिल्डरों के बड़े प्रोजेक्ट को मिल रहा है।
सरकार ने रजिस्ट्री को आसान बनाने के लिए ऑनलाइन सिस्टम शुरू किया है, लेकिन इससे भी लोगों को राहत नहीं मिल पा रही। दस्तावेज़ ऑनलाइन अपलोड करने और अपॉइंटमेंट लेने के बाद भी कई बार रजिस्ट्री पूरी नहीं हो पाती। कंप्यूटर ऑपरेटरों की कमी और उप पंजीयकों के हस्ताक्षर न होने की वजह से फाइलें अटक जाती हैं। छुट्टी पर रहने की स्थिति में तो रजिस्ट्री कई दिनों तक लंबित रहती है।
लोगों का कहना है कि ऑनलाइन सुविधा के बावजूद दिक्कतें कम नहीं हो रही हैं, जिससे जमीन खरीदने वालों की परेशानी बढ़ गई है।





