रायपुर में हाई-प्रोफाइल ड्रग्स पार्टी का खुलासा, नव्या मलिक और विधि अग्रवाल ने कबूला राज

रायपुर। राजधानी रायपुर में ड्रग्स तस्करी के हाई-प्रोफाइल मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने मुख्य आरोपी नव्या मलिक और इवेंट मैनेजर विधि अग्रवाल को आमने-सामने बैठाकर गहन पूछताछ की। दोनों ने माना कि रायपुर के साथ ही मुंबई, पुणे और गोवा में टेक्नो और ड्रग्स पार्टियां आयोजित की जाती थीं।
आरोपियों ने बताया कि रायपुर, नवा रायपुर, मंदिर हसौद, वीआईपी रोड और चंद्रखुरी के होटल, रिसॉर्ट, क्लब और फार्महाउस में भी ऐसी पार्टियां होती थीं। विधि की इवेंट कंपनी ‘बिहाइंड द सीन्स’ बड़े होटल, क्लब और मैरिज पैलेस में न्यू ईयर और अन्य बड़े इवेंट्स भी करती थी।
जांच में सामने आया है कि पार्टियां शुरू में 25–30 लोगों के साथ होती थीं, लेकिन देर रात करीब 10–15 लोग ही रुकते थे। इन जगहों पर ड्रग्स के साथ अश्लील गतिविधियों की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस ने नव्या, विधि और हर्ष आहूजा को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के बड़े उद्योगपतियों, कारोबारियों, सीए, और अधिकारियों से भी संपर्क थे। मोबाइल चैट्स से ड्रग्स खरीदने वालों की सूची बन रही है। इन्हें काउंसिलिंग के लिए बुलाया जाएगा और परिजनों को भी जानकारी दी जाएगी। साथ ही, जिन फार्महाउस और क्लब में ये पार्टियां हुईं, उनके मालिकों से भी पूछताछ की जाएगी।





