जीएसटी सुधार से आम आदमी को बड़ी राहत : घर-गृहस्थी का खर्च होगा सस्ता

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता और अर्थशास्त्री अमित चिमनानी ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा किए गए नए जीएसटी सुधार आम लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव लाएंगे। उन्होंने बताया कि इन सुधारों से घर बनाना और घर चलाना दोनों सस्ते हो जाएंगे।
चिमनानी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि सीमेंट पर टैक्स 10 प्रतिशत कम होने से घर बनाने की लागत घटेगी। टीवी, फ्रिज, एसी और सजावटी सामान पर टैक्स में कमी आने से भी लोगों को सीधा फायदा मिलेगा। अनुमान है कि घर बनाने की कुल लागत 5 से 10 प्रतिशत तक कम हो सकती है।
उन्होंने कहा कि अब जीएसटी में चार की जगह सिर्फ दो दरें रहेंगी, जिससे टैक्स को लेकर होने वाले विवाद और लिटिगेशन लगभग खत्म हो जाएंगे। हर राज्य में ट्रिब्यूनल खुलने से व्यापारियों का समय और पैसा भी बचेगा।
जीएसटी रजिस्ट्रेशन अब केवल तीन दिन में मिलेगा और रिफंड सात दिन में। इससे व्यापार आसान होगा और एक्सपोर्ट सेक्टर को बूम मिलेगा। कृषि क्षेत्र में ट्रैक्टर, टायर, ड्रिप इरिगेशन और खेती-किसानी की मशीनों पर टैक्स घटाने से किसानों को भी बड़ा लाभ होगा।
इलेक्ट्रॉनिक सामान करीब 10 प्रतिशत सस्ते हो जाएंगे। जैसे – 50 हजार के प्रोडक्ट पर 5 हजार रुपए, 12 लाख की सीएनजी कार पर 1.20 लाख रुपए और 20 हजार के बीमा पर 4 हजार रुपए तक की बचत होगी।
चिमनानी ने कहा कि औसतन एक परिवार अगर सालाना 3.5 लाख रुपए खर्च करता है, तो नए प्रावधानों से उसे करीब 40 से 45 हजार रुपए की सीधी बचत होगी। इससे देश में खपत लगभग 6 लाख करोड़ रुपए बढ़ने की संभावना है, जो जीडीपी, रोजगार और आर्थिक विकास को नई रफ्तार देगा।





