शिक्षक दिवस पर 64 शिक्षकों को मिलेगा राज्यपाल शिक्षक सम्मान

रायपुर। शिक्षक दिवस (5 सितंबर) के अवसर पर प्रदेशभर के 64 शिक्षकों को राज्यपाल शिक्षक सम्मान पुरस्कार 2024-25 से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उन्हें उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्य और सेवाओं के लिए दिया जा रहा है।
स्कूल शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, पुरस्कार पाने वाले शिक्षकों में प्राचार्य, प्रधान पाठक, व्याख्याता, सहायक शिक्षक सहित विभिन्न श्रेणियों के शिक्षक शामिल हैं।
चयनित शिक्षकों में रायपुर जिले से गोपाल राम यादव और कामिनी साहू, धमतरी से किरण साहू और प्रीति शांडिल्य, सारंगढ़-बिलाईगढ़ से प्रियंका गोस्वामी और समय लाल काठे, राजनांदगांव से डॉ. शोभा श्रीवास्तव और मुन्हेलाल लिल्हारे, दंतेवाड़ा से सुमन जॉर्ज और सुनीता अजीत सहित अन्य जिलों के शिक्षक शामिल हैं।
इसी तरह कोरबा, दुर्ग, जशपुर, सरगुजा, नारायणपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, बस्तर, कांकेर, बीजापुर, महासमुंद, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, रायगढ़, बालोद, सक्ती, मुंगेली, गरियाबंद, सूरजपुर, बलौदाबाजार, कोरिया, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के शिक्षक भी सम्मानित किए जाएंगे।
राज्यपाल 5 सितंबर को राजधानी रायपुर में आयोजित समारोह में इन सभी शिक्षकों को सम्मानित करेंगे।





