रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पाकिस्तान-अफगानिस्तान से ड्रग्स सप्लाई करने वाले तीन तस्कर गिरफ्तार

रायपुर। रायपुर पुलिस ने ड्रग्स तस्करी नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अंतरराष्ट्रीय तस्करों को पंजाब में छापा मारकर गिरफ्तार किया है। ये तस्कर पाकिस्तान और अफगानिस्तान से ड्रग्स खरीदकर भारत के अलग-अलग राज्यों में सप्लाई करते थे। सोमवार देर शाम तीनों को ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर लाया गया और मंगलवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड लिया जाएगा। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने रायपुर में भी ड्रग्स सप्लाई करने की बात स्वीकार की है।
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में अमृतसर निवासी चरणजीत सिंह उर्फ चांद और गुरुजीत सिंह उर्फ गुरुजी का पाकिस्तान-अफगानिस्तान के ड्रग्स नेटवर्क से सीधा संपर्क है। वे वर्चुअल नंबर के जरिए तस्करों से संपर्क करते और ड्रोन के माध्यम से बॉर्डर से ड्रग्स मंगवाते थे। जांच में उनके खातों से दो करोड़ रुपए से ज्यादा का ट्रांजेक्शन मिला है।
ये आरोपी पंजाब निवासी लवजीत सिंह से जुड़े हुए थे, जिसे पहले टिकरापारा से गिरफ्तार किया गया था। लवजीत उनसे ड्रग्स खरीदकर राजनांदगांव निवासी सुवित श्रीवास्तव को सप्लाई करता था। इसी तरह पंजाब का तस्कर जशनदीप सिंह उर्फ लव भी पकड़ा गया है, जो हिस्ट्रीशीटर रुपिंदर उर्फ पिंदर सिंह से जुड़ा था। पिंदर उसी से ड्रग्स खरीदता था। जशनदीप भारत-पाक सीमा बाघा बॉर्डर के पास सक्रिय था, जहां से उसे सप्लाई मिलती थी। पुलिस का कहना है कि तीनों से अलग-अलग पूछताछ जारी है। उनसे पंजाब और अन्य राज्यों में फैले ड्रग्स नेटवर्क के बारे में और महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।





