बस्तर में बाढ़ और टूटे पुल से जनजीवन प्रभावित, ग्रामीण सीढ़ी से आना-जाना कर रहे

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में भारी बारिश और बाढ़ के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है। बारसूर में स्टेट हाईवे 5 का पुल टूटने से ग्रामीणों को अब सीढ़ी चढ़कर आना-जाना करना पड़ रहा है। नारायणपुर, बस्तर और बीजापुर के लगभग 55-60 गांव के लोग अपनी रोजमर्रा की जरूरतों के लिए बारसूर साप्ताहिक बाजार जाते हैं, लेकिन पुल टूटने से उनका आवागमन मुश्किल हो गया है।

बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा और बस्तर जिले में बाढ़ के बाद की तस्वीरें सामने आई हैं। यहां 200 से अधिक मकान ढह गए हैं और 2,196 लोग राहत शिविरों में शिफ्ट किए गए हैं। राहत शिविरों में प्रभावित लोगों के लिए पीने का स्वच्छ पानी, सूखा राशन, दूध और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं। अब तक बाढ़ में 5 लोगों और 17 पशुओं की मौत हो चुकी है।

दंतेवाड़ा जिले में इंद्रावती और शंखनी-डंकनी नदियों के जलस्तर बढ़ने से भारी तबाही हुई है। यहां करीब 50 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। पनेड़ा के पास नेशनल हाईवे का पुल भी बह गया, जिससे यातायात बाधित हुआ। दंतेवाड़ा में 1,116, सुकमा में 790, बीजापुर में 120 और बस्तर में 170 लोगों को राहत शिविरों में ठहराया गया है।

मौसम विभाग ने रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, सरगुजा समेत 12 जिलों में गरज चमक के साथ बिजली गिरने और आंधी का यलो अलर्ट जारी किया है। रविवार से अगले तीन दिनों तक बारिश में और तेजी आने की संभावना है।

प्रदेश में अब तक कुल 892.8 मिमी वर्षा हुई है। बलरामपुर जिले में सामान्य से 66% अधिक 1,257.6 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि बेमेतरा और महासमुंद में वर्षा सामान्य से कम रही। बस्तर के अन्य मार्गों जैसे जगदलपुर-दंतेवाड़ा और कोडेनार-लोहंडीगुड़ा की मरम्मत कर यातायात बहाल किया जा रहा है। बाढ़ से प्रभावित इलाके में राहत और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए मोबाइल टीमें लगातार काम कर रही हैं।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई