छत्तीसगढ़ बीजेपी में संगठन विस्तार जल्द, 10 अगस्त को आ सकता है आदेश

रायपुर। छत्तीसगढ़ बीजेपी में लंबे समय से लंबित संगठनात्मक नियुक्तियां अब पूरी होने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार 10 अगस्त को नए आदेश जारी हो सकते हैं। इस बार कुछ पदों में कटौती भी की जा सकती है। प्रदेश संगठन महामंत्री के 4 पदों में से एक पद घटाकर तीन किया जा सकता है।

नई नियुक्तियों में प्रदेश महामंत्री, महिला मोर्चा अध्यक्ष, भाजयुमो अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चा व प्रकोष्ठ अध्यक्ष शामिल होंगे। इन पदों के लिए प्रदेश से लेकर राष्ट्रीय नेतृत्व और आरएसएस तक लॉबिंग की गई है। महामंत्री पद की दौड़ में पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, पूर्व विधायक नवीन मार्कंडेय, रजनीश सिंह और अखिलेश सोनी के नाम प्रमुख हैं। वहीं गुलशन ऋषि और अमरजीत दुआ को प्रदेश कार्य समिति में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाए जाने की चर्चा है।

संगठन में 6 नए प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त होंगे, जिनमें दो महिलाएं और चार पुरुष शामिल होंगे। मीडिया प्रभारी के पद के लिए हेमंत पाणिग्रही और अनुराग अग्रवाल का नाम आगे है। प्रवक्ताओं की टीम में भी बदलाव होगा और संख्या घटाकर प्रभावशाली चेहरों को जिम्मेदारी दी जाएगी।

भाजपा के 7 मोर्चों और 30 प्रकोष्ठों में भी मंडल व जिला स्तर पर नए अध्यक्ष नियुक्त किए जाएंगे। महिला मोर्चा की मौजूदा अध्यक्ष शालिनी राजपूत के अन्य जिम्मेदारी मिलने के बाद इस पद पर नई सक्रिय महिला नेता की तैनाती की जाएगी।

भाजयुमो अध्यक्ष रवि भगत की जगह जातीय संतुलन देखते हुए ओबीसी या सामान्य वर्ग से किसी युवा नेता को जिम्मेदारी देने की संभावना है। संगठन विस्तार को लेकर राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश और प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव से शीर्ष नेतृत्व ने पहले ही चर्चा कर ली है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button