दीक्षारंभ कार्यक्रम में बोले सांसद बृजमोहन अग्रवाल: “समय का करें सदुपयोग, तभी मिलेगी सफलता”

रायपुर। डॉ. राधाबाई शासकीय नवीन कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित दीक्षारंभ 2025 कार्यक्रम में रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने छात्राओं को समय का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए समय का सही उपयोग करना बहुत जरूरी है। जो विद्यार्थी समय की कीमत समझते हैं, वही अपने लक्ष्य तक पहुंचते हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। बृजमोहन अग्रवाल ने नवप्रवेशी छात्राओं का स्वागत करते हुए कहा कि आप सभी सौभाग्यशाली हैं जिन्हें उच्च शिक्षा का अवसर मिला है। यह केवल आपकी नहीं, आपके परिवार की भी बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे इस अवसर का पूरा लाभ उठाएं और अपने साथ ही अपने माता-पिता के सपनों को भी पूरा करें।
सांसद ने नई शिक्षा नीति की चर्चा करते हुए कहा कि अब छात्राएं किसी एक विषय तक सीमित नहीं हैं, उन्हें हर क्षेत्र में ज्ञान प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा – “लड़की पढ़ेगी तो दो घरों को गढ़ेगी”, इसलिए हर परिवार को बेटियों की शिक्षा पर ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने छात्राओं को सोशल मीडिया का सीमित और सकारात्मक उपयोग करने की सलाह दी और हर कार्य में अनुशासन व गुणवत्ता बनाए रखने को कहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधायक सुनील सोनी ने छात्राओं से आत्मविश्वास, विनम्रता और सहयोग की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “ज्ञान बांटने से बढ़ता है”, इसलिए जरूरतमंद दोस्तों की मदद करें।
कार्यक्रम में कॉलेज के विभिन्न विषयों की जानकारी दी गई और प्रथम सेमेस्टर में सर्वाधिक अंक लाने वाली छात्राओं – बीए की ज्योति दोलई, बीकॉम की तनिष्का श्रीवास, बीएससी गणित की आयुषी साहू, और बीएससी जीव विज्ञान की प्रकृति सोनवानी को कॉलेज एम्बेसडर नियुक्त किया गया।
इस अवसर पर छात्राओं ने स्वागत गीत, सरस्वती वंदना और राजकीय गीत की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में जनभागीदारी समिति अध्यक्ष बृजेशनाथ पांडे, प्राचार्य डॉ. प्रीति मिश्रा, विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक, क्रीड़ाधिकारी, ग्रंथपाल, स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।





