सांसद बृजमोहन ने गडकरी से की मुलाकात, कुम्हारी टोल बंद करने व फ्लाईओवर निर्माण की रखीं मांगें

रायपुर। रायपुर-दुर्ग राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर स्थित कुम्हारी टोल प्लाजा को बंद करने की मांग को लेकर रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बुधवार को केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की।
उन्होंने बताया कि यह टोल प्लाजा समय सीमा समाप्त होने के बावजूद पिछले 10-12 वर्षों से अवैध रूप से संचालित हो रहा है, जिससे आम लोगों को जाम और असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने टोल को तत्काल बंद करने की मांग की।
इसके साथ ही अग्रवाल ने रायपुर की यातायात समस्याओं और शहर के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें भी मंत्री गडकरी के समक्ष रखीं। उन्होंने कहा कि रायपुर को एक आधुनिक राजधानी के रूप में विकसित करने के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचे पर तत्काल ध्यान देना जरूरी है।
प्रमुख मांगों में रिंग रोड नंबर-01 के सर्विस रोड को 5 से 11 मीटर चौड़ा करने, तीन नए फ्लाईओवर के निर्माण, तेलीबांधा से जोरा तक चौथे फ्लाईओवर का काम शुरू करने, और शदानी दरबार व कमल विहार चौक पर ग्रेड सेपरेटर निर्माण शामिल हैं। इसके अलावा, रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेसवे के भूमि अधिग्रहण में मुआवजे और भ्रष्टाचार की जांच की भी मांग की गई। सांसद ने सुझाव दिया कि शहर में प्रवेश और निकासी के लिए एक्सप्रेसवे का निर्माण, यातायात को सुगम बनाने के साथ-साथ दुर्घटनाओं में भी कमी लाएगा और लोगों को राहत देगा।





