छत्तीसगढ़: व्यापमं की भर्ती परीक्षा में पहनावे को लेकर सख्ती, महिला अभ्यर्थियों को लट्ठे का कुर्ता पहनकर देनी पड़ी परीक्षा

रायपुर। रविवार को हुई व्यापमं की आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा में इस बार कड़ी निगरानी और सख्त नियमों के साथ परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा में नकल रोकने के लिए सख्त ड्रेस कोड लागू किया गया था, लेकिन कई परीक्षार्थी तय नियमों को नजरअंदाज करते नजर आए।

रायपुर के एक परीक्षा केंद्र में महिला परीक्षार्थी तय ड्रेस कोड का पालन नहीं करते हुए काली टी-शर्ट पहनकर पहुंचीं। जब उन्हें परीक्षा में बैठने से रोका गया, तो कॉलेज प्रशासन ने उन्हें लट्ठे का कपड़ा दिया। यह कपड़ा आमतौर पर बंडल बांधने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। कॉलेज स्टाफ ने इस कपड़े को कुर्ते की शक्ल दी और महिला परीक्षार्थियों ने वही पहनकर परीक्षा दी।

कुछ पुरुष परीक्षार्थियों को भी सफेद टी-शर्ट उपलब्ध कराई गई, जबकि एक-दो परीक्षार्थी तो सिर्फ बनियान पहनकर ही परीक्षा में बैठ गए।

छत्तीसगढ़ कॉलेज में महिला परीक्षार्थियों के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था भी की गई थी, ताकि वे कपड़े बदल सकें।

परीक्षा में भाग लेने वालों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े और चप्पल पहनकर आना जरूरी था। किसी को भी कान में आभूषण, बेल्ट, टोपी, स्कार्फ, घड़ी, पर्स या मोबाइल जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं दी गई।

परीक्षा केंद्रों पर पर्यवेक्षकों ने सख्ती से नियमों का पालन करवाया और जिनके पास वर्जित सामान था, उन्हें बाहर रखवाया गया। कुछ जगहों पर ड्रेस को लेकर परीक्षार्थियों और पर्यवेक्षकों के बीच बहस भी हुई।

परीक्षा सभी संभाग मुख्यालयों में शांतिपूर्वक संपन्न हुई।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button