सावन में शिवभक्ति की छटा: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने फलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में की पूजा, प्रदेशवासियों की सुख-शांति की कामना

रायपुर। सावन माह के पवित्र अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय के साथ रायपुर के बगिया स्थित फलेश्वरनाथ महादेव मंदिर पहुंचे। उन्होंने विधि-विधान से भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की।
इस मौके पर सीएम ने सुप्रसिद्ध कथा वाचिका किशोरी राजकुमारी तिवारी द्वारा आयोजित शिव महापुराण कथा को भी श्रद्धापूर्वक सुना। मुख्यमंत्री ने कहा, “भगवान भोलेनाथ की कृपा सभी पर बनी रहे और हमारा छत्तीसगढ़ विकास, शांति और समृद्धि की राह पर आगे बढ़ता रहे।”
उन्होंने यह भी बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार पूरी निष्ठा के साथ राज्य के विकास और जनकल्याण के लिए कार्य कर रही है। सीएम साय ने कहा कि राज्य की नई उद्योग नीति से प्रभावित होकर बीते 6 से 8 महीनों में लगभग 6.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। साथ ही युवाओं के लिए सरकारी नौकरियों के अवसर भी बढ़ाए गए हैं।
मंदिर परिसर में आयोजित 1 लाख 108 पार्थिव शिवलिंग निर्माण और विशेष पूजन अनुष्ठान का समापन भी आज 24 जुलाई को हुआ। यह आयोजन 22 जुलाई से प्रारंभ हुआ था, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पूरे पूजन कार्यक्रम में श्रद्धालुजन पूरी आस्था और भक्ति के साथ शामिल हुए। शिवलिंग निर्माण और अनुष्ठान को विद्वान पंडितों ने शास्त्र सम्मत विधियों के अनुसार संपन्न कराया, जिससे मंदिर परिसर में आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्ति का वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा, आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, एसपी शशिमोहन सिंह, सहित अन्य जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे।





