नवा रायपुर के विकास के लिए सीएम ने की बैठक, दी कई अहम निर्देश

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नवा रायपुर स्थित मंत्रालय (महानदी भवन) में आवास एवं पर्यावरण विभाग की कामकाज की समीक्षा बैठक की। उन्होंने नवा रायपुर विकास प्राधिकरण के कामों की जानकारी ली और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि नवा रायपुर का सुव्यवस्थित और सुनियोजित विकास सरकार की प्राथमिकता है। यहां भविष्य की जरूरतों के मुताबिक नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
रेल और सड़क से जुड़े प्रोजेक्टों पर जोर
सीएम ने नवा रायपुर में रेल कनेक्टिविटी बढ़ाने की दिशा में कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परमालकसा-खरसिया नई रेलवे लाइन को नवा रायपुर से जोड़ा जाए, ताकि यहां के लोगों को बेहतर रेल सुविधाएं मिल सकें। इसके अलावा उन्होंने विशाखापट्टनम तक बनने वाले एक्सप्रेस-वे और नवा रायपुर में लॉजिस्टिक हब बनाने की जरूरत पर भी जोर दिया। अधिकारियों ने बताया कि यह एक्सप्रेस-वे लगभग 95% तैयार हो चुका है, जिससे रायपुर और विशाखापट्टनम की दूरी 100 किलोमीटर कम हो जाएगी।
रोजगार और हरियाली के लिए योजनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की नई औद्योगिक नीति से ज्यादा निवेशक आ रहे हैं, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर बनेंगे। नवा रायपुर में ऑक्सीजोन के तहत पीपल, बरगद, नीम, गुलमोहर जैसे पेड़ लगाए जा रहे हैं। उन्होंने पौधों की ग्रोथ की भी जानकारी ली।
नई सुविधाओं की तैयारी
बैठक में यह भी बताया गया कि नवा रायपुर में भविष्य में राज्य सरकार के आयोग-बोर्ड के लिए एक बड़ा कॉम्प्लेक्स, कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल, 100 बिस्तरों वाला अस्पताल और एक नया थाना बनाने की योजना है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि यहां के भूखंडों का सही उपयोग हो और सभी काम समय पर पूरे हों।





