बिलासपुर: अरपा नदी में बढ़ा खतरा, फिर भी बच्चों की लापरवाही जारी

बिलासपुर : अरपा नदी में एक बार फिर लापरवाही की चौंकाने वाली तस्वीरें सामने आई हैं। शनिचरी रपटा के पास कुछ बच्चे तेज बहाव के बीच जान जोखिम में डालकर नदी पार करते हुए दिखे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
जानकारी के अनुसार, भैंसाझार बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण अरपा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। इसके बावजूद बच्चे बिना डरे नदी पार करने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
इस घटना के बाद प्रशासन ने सतर्कता बरतते हुए नदी किनारे और आसपास के इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया है। लेकिन सवाल यह उठता है कि इतनी चेतावनी और खतरे के बावजूद बच्चे आखिर क्यों जोखिम उठा रहे हैं? क्या सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं?
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस रपटे पर किसी तरह की चेतावनी या बैरिकेडिंग नहीं की गई है। ऐसे में हादसे की आशंका बनी हुई है। प्रशासन को जल्द से जल्द सख्त कदम उठाने की जरूरत है ताकि बच्चों की जान खतरे में न पड़े।





