रायपुर: बूढ़ा तालाब में मिला नवजात का शव, इलाके में फैली सनसनी

रायपुर। राजधानी में रविवार सुबह एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के बूढ़ा तालाब में एक नवजात शिशु का शव तैरता हुआ मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

तालाब के पास रहने वाले कुछ स्थानीय लोगों ने सबसे पहले नवजात को पानी में तैरते देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। थोड़ी ही देर में शव अपने आप किनारे आ गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थाना प्रभारी ने बताया कि शुरुआती जांच में यह शक जताया जा रहा है कि बच्चे को जन्म के बाद तालाब में फेंका गया है। पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है और तालाब के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ नजदीकी अस्पतालों से जानकारी जुटा रही है, ताकि यह पता चल सके कि बच्चा किसका था और उसे किसने फेंका।

इस घटना से पूरे इलाके में गहरा शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास इस मामले से जुड़ी कोई जानकारी हो तो वह तुरंत पुलिस से संपर्क करें।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button