सीतापुर: मैनी नदी में बाढ़ से बहे लोगों में से 6 साल की बच्ची का शव पांच दिन बाद मिला

सीतापुर। मैनी नदी में आई बाढ़ के दौरान लापता हुई 6 साल की बच्ची अनिका का शव घटना के पांच दिन बाद एसडीआरएफ की टीम ने बरामद कर लिया है। बच्ची का शव घटनास्थल से लगभग 100 मीटर दूर झाड़ियों और चट्टानों के बीच फंसा हुआ था, जिसे निकालने में टीम को काफी मेहनत करनी पड़ी।
बाढ़ में बहने के बाद पांच दिन तक पानी में रहने के कारण बच्ची का शव काफी खराब हालत में मिला है। बुरी तरह से सड़-गल चुका यह शव देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
यह दर्दनाक हादसा 19 जून को हुआ था, जब ढोढगांव गांव निवासी बिनावती (45 वर्ष) अपने 3 साल के बेटे एरियस, सोमारी (45 वर्ष) और पोती अनिका (6 वर्ष) के साथ खुखड़ी बीनने जा रही थीं। इस दौरान सभी लोग मैनी नदी पार कर रहे थे, तभी अचानक आई बाढ़ की चपेट में आकर चारों बह गए।
घटना के बाद प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया। दूसरे दिन सोमारी का शव मिला, फिर दो दिन बाद बिनावती का शव भी बरामद कर लिया गया। अब पांच दिन बाद अनिका का शव भी ढूंढ़ निकाला गया है।
हालांकि अभी 3 वर्षीय एरियस की तलाश जारी है। प्रशासन का कहना है कि रेस्क्यू अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक सभी लापता लोगों का पता नहीं चल जाता।





