फर्जी ST सर्टिफिकेट मामले में जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह जैन पर गंभीर आरोप, जांच की मांग तेज

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी।जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह जैन पर फर्जी अनुसूचित जनजाति (ST) प्रमाण पत्र के जरिए आरक्षित सीट से चुनाव जीतने का गंभीर आरोप लगा है। इस खुलासे के बाद जिले की राजनीति में हलचल मच गई है और प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
शिकायतकर्ता ने कलेक्टर को शिकायत सौंपते हुए दावा किया है कि नम्रता सिंह जैन का ST प्रमाण पत्र फर्जी है, जिसे तत्कालीन संयुक्त कलेक्टर चंद्रिका प्रसाद बघेल ने बिना जरूरी जांच के जारी किया था। शिकायत में कहा गया है कि यह प्रमाण पत्र नियमों को ताक पर रखकर बनाया गया है, जो सीधे-सीधे प्रशासनिक लापरवाही और भ्रष्टाचार को दर्शाता है।
एसडीएम मोहला ने जांच समिति का गठन किया है, लेकिन शिकायतकर्ता का कहना है कि कार्रवाई में देरी हो रही है। उन्होंने 15 दिनों के भीतर निष्पक्ष जांच की मांग की है ताकि सच जल्द सामने आ सके।
नम्रता सिंह जैन के पति सचिन जैन हैं और वे वर्तमान में मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिला पंचायत की अध्यक्ष हैं। नम्रता सिंह के पिता, स्वर्गीय नारायण सिंह, ओडिशा मूल के 1977 बैच के आईएएस अधिकारी थे, जिन्होंने मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में अपनी सेवाएं दी थीं।
नम्रता सिंह ने 2025 के जिला पंचायत चुनाव में ST आरक्षित सीट से चुनाव जीतकर अध्यक्ष पद हासिल किया था। अब यह मामला प्रशासन और चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवालिया निशान खड़ा कर रहा है।
जनता और राजनीतिक दलों की नजर अब जांच रिपोर्ट पर टिकी है।





