रायपुर: विधानसभा और पंडरी इलाके में अवैध शराब बेचते तीन आरोपी गिरफ्तार, बड़ी मात्रा में शराब जब्त

रायपुर। शहर के दो अलग-अलग इलाकों में अवैध रूप से शराब बेचने वाले तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर की।
पहला मामला विधानसभा थाना क्षेत्र का है, जहां सड्डू बाजार के पास दो युवकों के थैलों में शराब रखकर बेचने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम जगन्नाथ कुम्हार उर्फ सागर (30 वर्ष) और कैलाश कुम्हार (19 वर्ष) बताया। जब उनके थैलों की तलाशी ली गई, तो उनमें 96 पौवा देशी शराब मिली, जिसकी कीमत लगभग ₹9,600 आंकी गई। दोनों के पास शराब रखने और बेचने के कोई वैध दस्तावेज नहीं थे, और वे पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहे थे। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत केस दर्ज किया गया।
दूसरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। 14 जून को पुलिस ने तरुण नगर पंडरी में वर्मा किराना दुकान के सामने से विक्रम वर्मा (68 वर्ष) को अवैध रूप से शराब बेचते हुए पकड़ा। उसके पास से 41 पौवा देशी और अंग्रेजी शराब मिली, जिसकी कीमत ₹4,720 बताई जा रही है। विक्रम वर्मा के खिलाफ भी आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि अवैध शराब बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसी गतिविधियों में लिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।





