बिलासपुर: डिवाइडर हटते ही सड़क बनी पार्किंग, शनिचरी बाजार में जाम ने बढ़ाई परेशानी

बिलासपुर। शहर की यातायात व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। बिलासा देवी चौक से फर्नीचर लाइन तक की सड़क पर पहले डिवाइडर लगाकर ट्रैफिक को सुचारु रखा गया था, लेकिन अब डिवाइडर हटने के बाद यह इलाका बेतरतीब पार्किंग और अतिक्रमण का केंद्र बन गया है।
शनिचरी बाजार क्षेत्र की हालत सबसे ज्यादा खराब है। यहां सड़क के दोनों किनारों और बीच में दोपहिया और चारपहिया वाहनों की अवैध पार्किंग आम हो गई है। ठेले और गुमटियों ने भी सड़क पर कब्जा जमा लिया है, जिससे आए दिन भारी जाम लग रहा है और नागरिकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पहले डिवाइडर होने से ट्रैफिक की दिशा नियंत्रित रहती थी, लेकिन अब वाहनों का उल्टी दिशा से आना आम हो गया है, जिससे टकराव और दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है।
ट्रैफिक एएसपी रामगोपाल करियारे ने भी माना कि स्थिति गंभीर है। उन्होंने बताया कि अवैध पार्किंग, ठेले और गुमटियों को हटाने की कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। जल्द ही इस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अब इस मार्ग को फिर से ट्रैफिक नियमों के अनुसार व्यवस्थित करने की तैयारी में है। साथ ही सीसीटीवी कैमरों से निगरानी बढ़ाकर अतिक्रमण रोकने के प्रयास किए जाएंगे, ताकि नागरिकों को जाम और दुर्घटनाओं से राहत मिल सके।





