8 जून को वक्ता मंच करेगा 100 पत्रकारों का सम्मान, लोकतंत्र पर होगी विशेष चर्चा

रायपुर। प्रदेश की प्रतिष्ठित सामाजिक और साहित्यिक संस्था वक्ता मंच द्वारा रविवार 8 जून को शाम 5 बजे वृंदावन सभागृह, सिविल लाइंस रायपुर में स्व. बंशीलाल शर्मा स्मृति पत्रकारिता गौरव सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस खास मौके पर प्रदेश भर से चुने गए 100 पत्रकारों को सम्मानित किया जाएगा।
लोकतंत्र पर होगी परिचर्चा
कार्यक्रम के दौरान “लोकतंत्र का चौथा स्तंभ: संभावनाएं एवं चुनौतियां” विषय पर एक परिचर्चा भी रखी गई है, जिसमें वरिष्ठ पत्रकार और शिक्षाविद् अपने विचार साझा करेंगे। चयन समिति की जिम्मेदारी पं. पी के तिवारी (प्रधान संपादक, दैनिक दबंग स्वर) और शिव शंकर सोनपिपरे (प्रधान संपादक, सर्वोच्य छत्तीसगढ़) को सौंपी गई है।
विपरीत परिस्थितियों में कलम चलाने वालों को मिलेगा सम्मान
वरिष्ठ समाजसेविका शोभा देवी शर्मा ने बताया कि यह सम्मान उन पत्रकारों को समर्पित है जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी जनता की आवाज़ उठाने का कार्य किया। वक्ता मंच पिछले 30 वर्षों से साहित्य, कला, शिक्षा, पर्यावरण, रंगोली, पेंटिंग आदि क्षेत्रों में प्रतिभाओं को मंच और सम्मान प्रदान करता आ रहा है। संस्था ने जानकारी दी है कि सभी पत्रकारों को एक ही मंच पर सम्मानित कर पाना संभव नहीं, इसलिए यह सम्मान आगे भी जारी रहेगा।





