चौबे कॉलोनी में 10 जून को होगा संगीतमय हनुमान चालीसा पाठ का भव्य आयोजन

रायपुर। श्री चिंताहरण हनुमान मंदिर, चौबे कॉलोनी में 10 जून, मंगलवार को संगीतमय सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का तृतीय वार्षिक उत्सव बड़े धूमधाम से मनाया जाएगा। इस आयोजन की तैयारियों में भक्त सेवा मंडल पूरी तरह जुटा हुआ है।

इस खास मौके पर सुबह 6:30 बजे अग्रसेन चौक स्थित श्री गणेश मंदिर से एक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें बच्चों द्वारा राम दरबार की झांकी, स्केटिंग करते कलाकारों द्वारा रंगोली और फायर रंगोली, तरुण सोनी व उनकी टीम द्वारा भजन गायन, और छिंदवाड़ा के कलाकारों द्वारा राधा-कृष्ण की झांकी प्रस्तुत की जाएगी। इस्कॉन समूह के भजन, ढोल-नगाड़े, आतिशबाजी और पारंपरिक परिधानों से शोभायात्रा रंग-बिरंगी और भक्तिमय रहेगी।

शोभायात्रा समता कॉलोनी और चौबे कॉलोनी के रास्तों से होती हुई श्री चिंताहरण हनुमान मंदिर पहुंचेगी, जहां सुबह 10 बजे से पूजा-अभिषेक और बजरंग बली को छप्पन भोग, पान भोग और 101 सवामणि भोग अर्पित किए जाएंगे। इस दौरान मंदिर को फूलों से भव्य रूप से सजाया जाएगा और कार्यक्रम का लाइव प्रसारण यूट्यूब पर किया जाएगा।

शाम 6 बजे से प्रसिद्ध भजन गायक जेपी शर्मा और तारा साहू एंड पार्टी द्वारा भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें फूलों की बारिश भी की जाएगी। इसके बाद संगीतमय हनुमान चालीसा पाठ, आरती और आम भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया जाएगा।

यह आयोजन ना सिर्फ भक्ति का उत्सव होगा, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का भी अद्भुत उदाहरण बनेगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button