छत्तीसगढ़ में लगेंगे खाद्य प्रसंस्करण उद्योग, सीएम साय और मंत्री चिराग पासवान के बीच हुई अहम बातचीत

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अब खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों की स्थापना की तैयारी शुरू हो गई है। सोमवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री चिराग पासवान के बीच इस विषय पर अहम बैठक हुई।
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान खुद सीएम साय से मिलने उनके आवास पहुंचे। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच खाद्य उद्योगों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। खास तौर पर जशपुर और बस्तर जैसे क्षेत्रों में इन उद्योगों की संभावनाओं को लेकर बातचीत हुई।
चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री को भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार इस दिशा में हरसंभव मदद देगी। इसके साथ ही, बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रदेश में चल रहे नक्सल अभियान की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री के सहयोग से अब छत्तीसगढ़ नक्सलवाद मुक्त होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
इस चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री के ओएसडी उमेश अग्रवाल, मीडिया सलाहकार पंकज कुमार झा, प्रेस अधिकारी आलोक सिंह, प्रीतेश गांधी और आकाश विग भी मौजूद थे।
यह बैठक छत्तीसगढ़ के विकास की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों से न केवल किसानों को फायदा होगा बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे।





