रायपुर: दो भीषण सड़क हादसों में 4 युवकों की मौत, कई घायल

रायपुर। बीती रात छत्तीसगढ़ में दो अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में 4 युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एक हादसा महासमुंद के शेरगांव में हुआ, वहीं दूसरा हादसा बिलासपुर-रायपुर हाइवे पर इनोवा कार पलटने से हुआ।
महासमुंद में ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर, तीन युवकों की मौत
महासमुंद जिले के शेरगांव गांव के पास बीती रात एक ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर हो गई। बाइक पर सवार तीन युवक—जिनमें दो सगे भाई भी थे—महासमुंद से शेरगांव जा रहे थे। गांव के मोड़ पर सामने से आ रहे ट्रैक्टर (CG 05 AS 2617) से उनकी बाइक (CG 06 GJ 9771) टकरा गई।
हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कोतवाली पुलिस ने शवों का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया और जांच शुरू कर दी है।
बिलासपुर-रायपुर हाईवे पर इनोवा पलटी, एक की मौत
दूसरा हादसा बिलासपुर-रायपुर हाईवे पर गुरुनानक ढाबा के पास देर रात 2 से 3 बजे के बीच हुआ। चकरभाठा निवासी पंकज छाबड़ा, जैकी गेही और आकाश चंदानी संडे मनाकर बिलासपुर से लौट रहे थे। तभी तेज रफ्तार इनोवा (CG 10BK 2221) अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई।
हादसे में जैकी गेही की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और कार कई फीट तक घिसटती रही। जैकी कार से बाहर गिरकर डिवाइडर से टकराया, जिससे उसकी छाती और सिर पर गंभीर चोटें आईं।
कार की टक्कर से दूसरी गाड़ी भी चपेट में
हादसे में इनोवा में सवार अन्य दो युवक—आकाश और पंकज—गंभीर रूप से घायल हो गए। साथ ही, ढाबे के बाहर खड़ी एक अर्टिगा कार भी टक्कर में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। अर्टिगा में बैठे ड्राइवर को भी चोटें आई हैं।
सूचना मिलते ही चकरभाठा पुलिस मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और घायलों को अस्पताल भिजवाया। मामले की जांच जारी है।





