बिलासपुर पहुंचे भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार जांगड़े, कहा– बहुजन समाज को जोड़कर जातिवाद के खिलाफ लड़ाई होगी तेज

बिलासपुर। भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार जांगड़े 1 जून को एक दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर बिलासपुर पहुंचे। उनके आगमन पर अम्बेडकरवादी परिवारों और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस मौके पर आयोजित सदस्यता अभियान कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भीम आर्मी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजकुमार जांगड़े ने कहा कि भीम आर्मी का मकसद बहुजन समाज को एकजुट करना है और जातिवाद जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ मजबूत आवाज उठाना है। उन्होंने कहा, “जहां भी अन्याय होगा, भीम आर्मी वहां पहुंचकर आवाज उठाएगी और संघर्ष करेगी।”
उन्होंने यह भी कहा कि बहुजन समाज पार्टी को एक सूत्र में बांधकर समाज के अधिकारों की लड़ाई को और तेज किया जाएगा। जांगड़े ने बताया कि भीम आर्मी आज पूरे देश में एक जनआंदोलन के रूप में काम कर रही है और यह संघर्ष तब तक जारी रहेगा, जब तक हर व्यक्ति को सामाजिक न्याय और समानता नहीं मिल जाती।





