भाठागांव में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, चार लड़कियों को रेस्क्यू किया गया

रायपुर। राजधानी रायपुर के भाठागांव इलाके में एक सेक्स रैकेट का खुलासा हुआ है। पुलिस ने एक मकान में छापेमारी कर महिला दलाल को कंडोम और नगदी के साथ रंगे हाथों पकड़ा है। साथ ही इस देह व्यापार के दलदल में फंसी चार युवतियों को रेस्क्यू किया गया है। ये लड़कियां सारंगढ़, जांजगीर-चांपा और सरगुजा जैसे जिलों की रहने वाली हैं और गरीब तबके से ताल्लुक रखती हैं।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भाठागांव स्थित ‘इटालिया हाउस’ नामक मकान में अनैतिक गतिविधियां चल रही हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी देकर एक टीम बनाई और पांईटर (सुपारी ग्राहक) की मदद से कार्रवाई की योजना बनाई।
पांईटर को 1500 रुपये देकर अंदर भेजा गया और कहा गया कि जैसे ही वह दलाल और अन्य लोगों से संपर्क करे, वह एक मिस कॉल करके इशारा करे। पांईटर के इशारे पर पुलिस ने मकान की घेराबंदी कर छापा मारा। वहां चार लड़कियां आपत्तिजनक हालत में मिलीं। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम –
1. रुषा खरे (सारंगढ़)
2. धनेश्वरी मरकाम (सरगुजा)
3. बिंदिया सिधार (जांजगीर-चांपा)
4. सीताबाई बरेठ (रायगढ़) बताया।
महिला स्टाफ की मौजूदगी में दलाल रुषा खरे की तलाशी ली गई, जिसके पास से वही 1500 रुपये बरामद हुए जो पांईटर ने उसे दिए थे। इसके अलावा उसके बैग और कमरे से कई कंडोम, उनके रेपर और इस्तेमाल किए गए कंडोम भी बरामद किए गए।
अन्य लड़कियों ने बताया कि रुषा खरे ने उन्हें काम और अच्छी कमाई का झांसा देकर रायपुर बुलाया और फिर जबरदस्ती देह व्यापार में धकेल दिया।
पुलिस ने इस मामले में आरोपी रुषा खरे और एक अन्य व्यक्ति डेविड के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 की धारा 4, 5 और 7 के तहत अपराध दर्ज किया है। रुषा खरे को 31 मई 2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।





