रायपुर: मरीन ड्राइव में गिरा बड़ा होर्डिंग, दो गाड़ियां क्षतिग्रस्त, बड़ा हादसा टला

रायपुर। राजधानी में जगह-जगह लगे बड़े-बड़े विज्ञापन होर्डिंग अब लोगों के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। रविवार सुबह मरीन ड्राइव चौक में ऐसा ही एक बड़ा हादसा होते-होते बचा, जब एक विशाल होर्डिंग का लोहे का फ्रेम अचानक गिर पड़ा।

घटना उस समय हुई जब इलाके में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही थी। उसी दौरान यह भारी कटआउट गिर गया और वहां खड़ी दो कारें इसकी चपेट में आ गईं। हालांकि गनीमत रही कि कारों में सवार लोगों को कोई गंभीर चोट नहीं आई। हादसे के बाद इलाके में कुछ समय के लिए ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई थी।

बारिश और तेज हवा के चलते पुराने और जर्जर हो चुके होर्डिंग व स्वागत गेट अब गिरने लगे हैं, जिससे जान-माल के नुकसान का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। नगर निगम ने पिछले महीने इन स्ट्रक्चर की जांच कर संबंधित फर्मों से सुरक्षा प्रमाण पत्र मांगा था, लेकिन यह अभियान कुछ ही दिनों में ठंडे बस्ते में चला गया।

फिलहाल शहर में सैकड़ों ऐसे कमजोर होर्डिंग और गेट हैं, जो कभी भी बड़ा हादसा कर सकते हैं। नगर निगम और प्रशासन को इन पर तुरंत ध्यान देने की जरूरत है, ताकि कोई गंभीर अनहोनी ना हो।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button