रायपुर दौरे पर पहुंचे मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, नक्सलवाद खत्म करने का जताया संकल्प

रायपुर।मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय रायपुर दौरे पर हैं। वे यहां सांसद बृजमोहन अग्रवाल के पिता रामजीलाल अग्रवाल के श्रृद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल होने आए हैं।
रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए विजयवर्गीय ने नक्सलवाद को लेकर कहा कि, “बस्तर और महाराष्ट्र से नक्सलवाद धीरे-धीरे खत्म हो रहा है। 2026 से पहले केंद्रीय गृह मंत्री का संकल्प है कि नक्सलवाद पूरी तरह खत्म कर दिया जाएगा।”
अहिल्याबाई होलकर की जयंती पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि वे एक महान रानी थीं, जिन्होंने मुश्किल हालातों में भी अपने राज्य को मजबूती से चलाया। उन्होंने उस दौर में निवेश को बढ़ावा दिया और महिलाओं को रोजगार देकर महिला सशक्तिकरण की मिसाल पेश की।
MSP (न्यूनतम समर्थन मूल्य) को लेकर विजयवर्गीय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों की आमदनी दोगुनी करने का वादा किया है और उसी दिशा में हर साल MSP में बढ़ोतरी की जा रही है। साथ ही उन्होंने बताया कि नदी जोड़ो अभियान के तहत नदियों के अतिरिक्त पानी को खेतों तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे खेती को फायदा हो रहा है।
बता दें कि रामजीलाल अग्रवाल, जो एक समाजसेवी और गौ सेवक थे, उनका 24 मई को 96 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। इसी शोक कार्यक्रम में शामिल होने मंत्री विजयवर्गीय रायपुर पहुंचे हैं।





