शहर के कई इलाकों में पीलिया का प्रकोप, यदुनंदन नगर और तिफरा में हालात गंभीर

बिलासपुर: शहर के कुछ इलाकों में दूषित पानी पीने से पीलिया फैलने की खबर सामने आई है। खासकर यदुनंदन नगर, तिफरा और तालापारा इलाके में हालात गंभीर हो गए हैं। इन क्षेत्रों में बच्चों से लेकर बड़ों तक कई लोग पीलिया की चपेट में आ चुके हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ये समस्या कोई नई नहीं है। पिछले कई सालों से वार्ड में गंदे पानी और नालियों के कारण बीमारियां फैल रही हैं। अब हालात इतने बिगड़ गए हैं कि लगभग हर घर में पीलिया के मरीज मिल रहे हैं। दूषित पानी की वजह से लोगों की सेहत पर बुरा असर पड़ रहा है।
शिकायत मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है और जांच शुरू कर दी गई है। सीएमएचओ ने बताया कि जैसे ही पीलिया की शिकायत मिली, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में आ गया। फिलहाल प्रभावित इलाकों में दवाइयों का वितरण किया जा रहा है और स्वास्थ्य शिविर लगाकर मरीजों का इलाज किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने कई बार प्रशासन से इस गंभीर समस्या के समाधान की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोग अब जल्द से जल्द स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं ताकि इस तरह की स्थिति दोबारा न बने।





