बारिश से पहले नालों की सफाई जोरों पर, कबीर नगर में 60 डम्पर कचरा निकाला गया

रायपुर। नगर निगम रायपुर ने बारिश से पहले जलभराव की समस्या से निपटने के लिए बड़ा अभियान शुरू किया है। महापौर मीनल चौबे, स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष गायत्री सुनील चंद्राकर और आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर यह काम तेजी से किया जा रहा है। निगम के स्वास्थ्य विभाग की टीम सभी 10 जोनों में पोकलेन मशीन और मैन्युअल सफाई के जरिए नालों की सफाई कर रही है, जिससे गंदे पानी की निकासी आसान हो सके।

इस अभियान की रोजाना निगरानी खुद निगम के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही, जोन कमिश्नर, इंजीनियर और स्वच्छता अधिकारी कर रहे हैं।

जोन 8 के कबीर नगर फेस-4 में अविनाश आशियाना अपार्टमेंट के पीछे बने बड़े नाले की सफाई पिछले एक सप्ताह से लगातार की जा रही है। यहां पोकलेन मशीन से अब तक 60 से ज्यादा डम्पर कचरा और गंदगी निकाली जा चुकी है। यह काम जोन अध्यक्ष प्रीतम सिंह ठाकुर, पार्षद भगतराम हरवंश, जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल और इंजीनियर अभिषेक गुप्ता के मार्गदर्शन में हो रहा है।

जोन स्वास्थ्य अधिकारी गोपीचंद देवांगन और स्वच्छता निरीक्षक रितेश झा की टीम ने साफ सफाई का मोर्चा संभाला है। अधिकारियों ने निर्देश दिए हैं कि नाले की पूरी सफाई कर निकासी का रास्ता पूरी तरह खोल दिया जाए, ताकि बारिश के दौरान कबीर नगर क्षेत्र में जलभराव की परेशानी न हो।

निगम का यह अभियान आने वाले मानसून में शहर को जलभराव से बचाने की एक अहम तैयारी मानी जा रही है।

 

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button