वरिष्ठ समाजसेवी रामजीलाल अग्रवाल का निधन, अंतिम यात्रा 25 मई को

रायपुर। प्रसिद्ध समाजसेवी और गौसेवक रामजीलाल अग्रवाल का आज 96 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे लंबे समय से सामाजिक सेवा से जुड़े हुए थे और अग्रवाल समाज के राष्ट्रीय संरक्षक के रूप में कार्यरत थे। उनके निधन से समाज में शोक की लहर दौड़ गई है।
पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए लिखा, “बापू जी नहीं रहे… पूज्य पिताश्री का आज प्रातः गौलोक गमन हो गया। उनका स्नेह और मार्गदर्शन हमारे जीवन में भगवान स्वरूप रहा है। यह अपूरणीय क्षति है।”
रामजीलाल अग्रवाल अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए उनके निवास रामजी वाटिका, मौलश्री विहार, वीआईपी रोड में रखा गया है।
अंतिम यात्रा कल 25 मई, रविवार को सुबह 10 बजे उनके निवास से मारवाड़ी श्मशान घाट के लिए निकलेगी।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे और परिवार को यह दुःख सहने की शक्ति दे।





