नक्सलियों से लड़ते हुए शहीद हुए मेहुल सोलंकी, सीएम विष्णु देव साय ने दी अंतिम विदाई

रायपुर। बीजापुर जिले के उसूर क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान शहीद हुए सीआरपीएफ कोबरा बटालियन के कांस्टेबल मेहुल भाई सोलंकी को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने माना स्थित चौथी बटालियन परिसर में शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें कंधा देकर अंतिम विदाई दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांस्टेबल मेहुल सोलंकी ने देश के लिए अपने प्राणों की आहुति दी है, उनकी वीरता और देशभक्ति हमेशा याद रखी जाएगी। उन्होंने शहीद के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और ईश्वर से उन्हें इस कठिन समय में शक्ति देने की प्रार्थना की।
सीएम साय ने बताया कि पिछले एक साल में नक्सल विरोधी अभियान तेज हुआ है और सुरक्षाबलों ने कई बड़ी कामयाबियां हासिल की हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मार्च 2026 तक नक्सलवाद का पूरी तरह अंत करने का संकल्प लिया गया है।
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि शहीद की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी और सरकार उनके परिवार के साथ खड़ी है।
इस मौके पर राज्य के गृह मंत्री विजय शर्मा, विधायक मोतीलाल साहू, पुरन्दर मिश्रा, डीजीपी अरुण देव गौतम समेत बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक मौजूद थे।





